पलामू में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर, बारिश के कारण किसानों की उड़ी नींद
Palamu : बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दवाव के क्षेत्र और चक्रवाती तूफान अर्नब का प्रभाव बुधवार की दोपहर से ही पलामू में दिखने लगा है।इसके अलावे कई जिलों में आकाश में घने काले बादल छाये हुए हैं और रुक-रुक बारिश हो रही है। वही इस बारिश की वजह से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों के किसान काफी चिंतित हैं। खेतों में धान की फसल पककर तैयार है। बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका के बीच किसान दिन-रात कटाई में जुटे हैं। किसान जल्द से जल्द धान काटकर घर पहुंचाना चाहते हैं, ताकि उनकी महीनों की मेहनत बर्बाद न हो।
लेस्लीगंज से किसान संतोष मेहता ने बताया कि इस वर्ष लगातार बारिश से धान की फसल अच्छी हुई है।लेकिन अब मौसम विभाग की चेतावनी ने चिंता बढ़ा दी है।किसान किसी तरह तैयार फसल को सुरक्षित घर पहुंचाने में जुटे हैं। हुसैनाबाद के किसान बृजमोहन राम ने बताया कि भारी बारिश हुई तो किसानों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है।किसान सुषमा देवी ने बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर खेती की है। धान पक चुका है और बारिश की आशंका के कारण वह जल्द कटाई कर रही हैं। कुछ धान की कटाई के बाद थ्रेसर से मड़ाई भी कराई जा रही है, ताकि बारिश से पहले फसल सुरक्षित हो सके।
विष्णुदेव राम ने कहा कि यदि किसानों को एक सप्ताह का समय मिल जाता तो वे पूरी फसल काटकर घर पहुंचा सकते थे।वहीं जो किसान हाल के दिनों में आलू और चना की खेती कर चुके हैं उनके लिए यह बारिश वरदान साबित हो रहा है।




