बटाने जलाशय योजना की सुरक्षा,पर्यटन विकास एवं मत्स्य पालन की संभावनाओं को लेकर उपायुक्त ने की समीक्षा बैठक
सुरक्षा मानकों का आकलन कर आवश्यक संरचनात्मक सुधार शीघ्र सुनिश्चित करने का निर्देश
Palamu : पलामू जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में बटाने जलाशय योजना की प्रगति एवं इसके समग्र विकास को लेकर संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ बैठक आयोजित की गयी।बैठक में उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि बटाने जलाशय की संरचना काफी पुरानी है। ऐसे में सुरक्षा के दृष्टिकोण से संरचना में आवश्यक बदलाव एवं सुधार की संभावनाओं का आकलन किया जाए। उन्होंने बांध की ओर जाने वाली सड़क को भी दुरुस्त करने की आवश्यकता पर बल दिया।

सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश
उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि जलाशय के डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में, जहां पानी का प्रवाह अधिक होता है, नववर्ष एवं त्योहारों के अवसर पर आम लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए संबंधित स्थल पर रेलिंग, कंक्रीट पिलर अथवा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपायों की संभावनाओं का आकलन किया जाए। उन्होंने सुरक्षा संबंधी कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निष्पादित करने का निर्देश दिया।
पर्यटन विकास एवं मत्स्य पालन से बढ़ेंगी संभावनाएं
उपायुक्त श्री शेखावत ने बटाने जलाशय को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि यहां कैफेटेरिया, बोटिंग तथा अन्य पर्यटक सुविधाएं विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। इन सुविधाओं के विकास से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ राजस्व अर्जन के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। इसके लिए एक वृहद एवं सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है।
उन्होंने जलाशय में मत्स्य पालन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए जिला मत्स्य पदाधिकारी को विशेष योजना तैयार करने हेतु अपने स्तर से निर्देशित करने की बात कही।
विस्थापितों के मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में बटाने जलाशय योजना से जुड़े विस्थापितों के विभिन्न मुद्दों पर अलग-अलग चर्चा की गई।डीसी ने संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति तथा आवश्यक सुधारों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,सहायक समाहर्ता ऋत्विक मेहता सहित बटाने जलाशय योजना से जुड़े विभिन्न अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




