
जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर रवि डे ने उठाए सवाल, अवैध पैथोलॉजी व निजी अस्पतालों की जांच की मांग
Latehar : झाविस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता रवि डे ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अवैध क्लीनिक, पैथोलॉजी सेंटर और निजी अस्पतालों के संचालन पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए संबंधित विभाग को गंभीरता से पहल करने की जरूरत है।
रवि डे ने कहा कि चंदवा स्थित आराध्या पैथोलॉजी में हुई मौत के मामले को लेकर उन्होंने सिविल सर्जन से दो बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।इसके बाद उन्होंने मामले से लातेहार के उपायुक्त को अवगत कराया। रवि डे के अनुसार, उपायुक्त के निर्देश पर गठित जांच टीम की जांच में आराध्या पैथोलॉजी में वैध कागजात नहीं पाए गए।
उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन में नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है, ताकि आम लोगों की सुरक्षा बनी रहे। रवि डे ने जिला प्रशासन से आराध्या पैथोलॉजी के संचालक एवं वहां कार्यरत कर्मियों के विरुद्ध मामले की जांच कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की।





