छतरपुर : अंधविश्वास में बालक को बलि देने की आशंका
ग्रामीणों ने बचाई मां-बच्ची की जान,जांच में जुटी पुलिस
Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। शुक्रवार की देर रात करीब 9:30 बजे मनहू स्थित देवी मंदिर के पास धान के खेत में एक नवजात बच्ची को कथित तौर पर बलि देने की आशंका के बीच ग्रामीणों ने मां को पकड़ लिया। मौके से दो अन्य महिलाएं फरार हो गईं।

ग्रामीणों की तत्परता से नवजात और उसकी मां को तत्काल छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, छतरपुर नगर पंचायत क्षेत्र के मदया भलही निवासी अंजू देवी (40 वर्ष), पति रवींद्र उरांव, ने शुक्रवार की रात एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद वह नवजात को झोले में लेकर घर से करीब पांच किलोमीटर दूर मनहू देवी मंदिर के पास एक दोहर में धान के खेत में पहुंची। वहां उसके साथ दो अन्य महिलाएं भी थीं।
बताया जाता है कि मौके पर चूड़ी, सिंदूर समेत कई अन्य सामान भी रखे हुए थे।इसी दौरान पास के दोहर में मछली मार रहे कुछ लोगों की नजर महिलाओं पर पड़ी। उनकी आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख दोनों अन्य महिलाएं फरार हो गईं, जबकि अंजू देवी को पकड़ लिया गया।घटना की सूचना मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि जहीर अंसारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात बच्ची को अपने कपड़े में लपेटकर मां के साथ अस्पताल पहुंचाया।
महिला के परिजनों के अनुसार, अंजू देवी को पहले से एक बच्ची है। घर के किसी भी सदस्य को उसके गर्भवती होने और बच्ची के जन्म की जानकारी नहीं थी। इधर, स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। नवजात को लेकर महिलाओं के मंदिर के पास पहुंचने और वहां की परिस्थितियों के संबंध में जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।




