हरिहरगंज में 50 प्रतिशत अनुदान पर रबी फसलों के बीज का वितरण शुरू
Palamu : हरिहरगंज प्रखंड के किसानों को रबी फसलों की खेती के लिए सरकार की ओर से राहत दी जा रही है. कृषि प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं, चना, सरसों और मसूर का बीज उपलब्ध कराया जा रहा है. मंगलवार को प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित हरिहरगंज पूर्वी नोडल पैक्स में जनप्रतिनिधियों और कृषि पदाधिकारियों की मौजूदगी में बीज वितरण का शुभारंभ हुआ.

इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष कुमारी शीला चौधरी, समाजसेवी जानू चौधरी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार और पैक्स अध्यक्ष अमलेश कुमार सिंह ने किसानों के बीच बीज वितरित किया. बीज मिलने से किसानों के चेहरे खिल उठे. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि हरिहरगंज पूर्वी नोडल पैक्स को हरिहरगंज के अलावा पीपरा, छतरपुर और नौडीहा बाजार प्रखंड के किसानों के लिए भी बीज आवंटित किया गया है.

संबंधित प्रखंडों के किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने पैक्स से अनुदानित दर पर बीज प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने किसानों से योजना का लाभ उठाते हुए समय पर रबी फसलों की बुआई करने की अपील की. मौके पर रामप्रवेश सिंह, सुनील सिंह, मनोज मेहता, राजकुमार मेहता, शिक्षक बिंदेश्वरी राम, बबलू कुमार, अरविंद पांडेय समेत कई जनप्रतिनिधि, जेएसएलपीएस महिला कर्मी और किसान उपस्थित थे.





