मेदिनीनगर में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक को लूटने की कोशिश! देसी कट्टा दिखाकर अपराधी ने मचाई दहशत, भागने के दौरान रास्ते में गिरा हथियार
Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित नावाडीह आढ़त रोड के झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की बाजार शाखा में लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति कथित तौर पर बैंक लूटने की मंशा से देसी कट्टा लेकर बैंक पहुंचा था।

बताया जा रहा है कि बैंक के अंदर हथियार दिखाकर लूटपाट करने की कोशिश की गई। इसी दौरान बैंक कर्मियों की सतर्कता के कारण अपराधी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सका और मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, फरार होने के दौरान अपराधी का देसी कट्टा रास्ते में ही गिर गया।
घटना के बाद बैंक परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हालांकि, बैंक में कितनी नकदी सुरक्षित रही या किसी प्रकार की रकम की लूट हुई है, इसकी अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अपराधी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अब सबसे बड़ा सवाल है कि दिनदहाड़े बैंक में हथियार लेकर पहुंचने वाला अपराधी कौन था और पुलिस उसे कब तक गिरफ्तार कर पाती है?

पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। खबर पर आगे भी नजर बनी हुई है।




