
Husenabad : नववर्ष पर पिकनिक स्थलों की कड़ी निगरानी, 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक दंडाधिकारियों की तैनाती
Palamu : हुसैनाबाद अनुमंडल में नववर्ष के अवसर पर पिकनिक और वनभोज के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। पलामू जिला के अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार 31 दिसंबर 2025 के पूर्वाह्न से 2 जनवरी 2026 की शाम 5 बजे तक प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।नआदेश में कहा गया है कि नववर्ष के आगमन पर सोन नदी, कोयल नदी, झरनों, कुंड-बांधों और पहाड़ी इलाकों में भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए सतत निगरानी और कानून-व्यवस्था का संधारण अत्यंत आवश्यक है।
हुसैनाबाद अनुमंडल में है 14 पिकनिक स्पॉट
हुसैनाबाद, हैदरनगर एवं मोहम्मदगंज प्रखंड अंतर्गत कुल 14 प्रमुख स्थलों—जैसे देवरीकला सोन नदी क्षेत्र, दंगवार सोन नदी, डंडीला (घाघरा) कुंडबांध, जपला नहर मोड़, बरेवा झरना, काशीशोत डैम, भीम बैराज, कोयल-सोन संगम स्थल (पंसा घाट) आदि पर अलग-अलग दंडाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों के नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर आदेश में अंकित किए गए हैं।प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी पिकनिक स्थल पर संध्या 5 बजे के बाद कोई भी आगंतुक मौजूद नहीं रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारियों को दिया आदेश
हुसैनाबाद अनुमंडल के सभी थाना प्रभारियों को आदेश दिया गया है कि वे प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात कर विधि-व्यवस्था बनाए रखें। वहीं, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति कर अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजें।प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे नववर्ष का उत्सव सुरक्षा, संयम और नियमों के पालन के साथ मनाएं, ताकि त्योहार खुशियों भरा और सुरक्षित बना रहे।





