बरवाडीह के चिलबिल टांड़ के पास सड़क दुर्घटना में पलामू के कपड़ा व्यापारी दीपक प्रसाद घायल, हालत गंभीर
Latehar : जिले के बरवाडीह-अमडीहा मार्ग पर हाट बाजार से कुछ दूरी पर चिलबिल टांड़ के समीप स्प्लेंडर और पल्सर बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में डालटनगंज निवासी कपड़ा व्यापारी दीपक प्रसाद घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, दीपक प्रसाद पिता राजू प्रसाद, डालटनगंज के बारा लोटा स्थित काली मंदिर के समीप के निवासी हैं।

वे बरवाडीह में कपड़े का व्यापारिक कार्य पूरा कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल दीपक प्रसाद को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।

पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों के सहयोग से घायल दीपक प्रसाद को बेहतर इलाज के लिए बरवाडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

ग्रामीणों की तत्परता और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया।




