PALAMU : रूंगटा फैक्ट्री के समीप नवाटोली छठ घाट पर नदी में मांस के अवशेष फेंके जाने से लोगों में आक्रोश
Palamu : मेदिनीनगर शहर के रूंगटा फैक्ट्री के सामने स्थित नवाटोली छठ घाट के पास नदी में असामाजिक तत्वों और अवैध मांस विक्रेताओं द्वारा खुलेआम मांस और अपशिष्ट फेंके जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आस्था के प्रमुख केंद्र माने जाने वाले छठ घाट के निकट नदी के जल को इस तरह दूषित किए जाने से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नवाटोली छठ घाट पर वर्ष भर लोग स्नान,पूजा-अर्चना और विशेष रूप से लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान अर्घ्य देने आते हैं। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा लगातार नदी किनारे और बहते जल में मृत अवशेष व मांस का कचरा फेंका जा रहा है। इससे न केवल नदी का पानी बदबूदार और दूषित हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बढ़ गई है।
नदी में सड़ते अवशेषों के कारण पानी का उपयोग पूरी तरह दूभर हो गया है।घाट के आसपास भारी दुर्गंध के कारण स्थानीय निवासियों और राहगीरों का सांस लेना मुश्किल हो गया है।धार्मिक भावनाएं आहत: पूजा और आस्था के लिए समर्पित घाट पर लगातार गंदगी फैलाए जाने से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो रही हैं।मुहल्लेवासियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन व नगर निगम से मांग की है कि इस क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कर नदी और घाट की व्यापक साफ-सफाई कराई जाए।

नदी में कचरा या मांस फेंकने वालों की पहचान के लिए क्षेत्र में औचक गश्त और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पर्यावरण संरक्षण अधिनियम और धार्मिक भावनाएं भड़काने के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।




