
गारू में गार्डवाल निर्माण बना दुर्घटना का कारण, सड़क पर मिट्टी डालने से बाइक सवार हो रहे हादसे का शिकार

Latehar : गारू प्रखंड के कुई और जमझारिया गांव में गार्डवाल निर्माण कार्य के दौरान संवेदक द्वारा गड्ढा खोदकर निकाली गई मिट्टी सड़क पर रख देने से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क पर मिट्टी जमा होने के कारण बाइक सवारों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बाइक सवार दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं।
निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी राहगीरों के लिए खतरा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मिट्टी रखे जाने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, लेकिन अब तक समुचित व्यवस्था नहीं की गई है।
सवाल यह है कि आखिर किसी बड़े हादसे के इंतजार में है संवेदक और संबंधित विभाग?
सड़क पर मिट्टी हटाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल उचित व्यवस्था की आवश्यकता है, ताकि आम जनता सुरक्षित आवागमन कर सके।





