
Lakhnau : पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का हुआ अनावरण
Lakhnau : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के
अवसर पर 25 दिसंबर को राष्ट्र प्रेरणा स्थल का बटन दबाकर लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय की विशाल कांस्य
प्रतिमाओं का अनावरण किया।
अटल जी ने सुशासन को जमीन पर उतारा : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अटल जी ने सही मायने में सुशासन को जमीन पर उतारा। दशकों तक देश में गरीबी हटाने को ही सुशासन मान लिया गया था। देश में टेलीकॉम सेक्टर के विकास में अटल जी की नीतियां काम आई हैं। अटल जी की सरकार में ही गांव-गांव तक सड़कें पहुंचाने का काम शुरू हुआ था। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश के गांवों में आठ लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ। बीते 11 साल में चार लाख किलोमीटर सड़कों का ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण हुआ। आज पूरे देश में एक्सप्रेसवे बनाने का काम चल रहा है।
पीएम मोदी ने कहा : दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया
पीएम मोदी ने जनसंघ नेता दीनदयाल उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने एकात्म मानववाद का सिद्धांत दिया। आज देश के करोड़ों नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यही तो सच्चा सेकुलरिज्म है। देश के हर नागरिक को सम्मान मिल रहा है। बीते एक दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को हराया है।





