
कोरवा आदिम जनजाति परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित, पत्रकारों ने की मानवीय पहल
Sanjay prajapati @ United Palamu
Latehar : जिले के नवनिर्मित प्रखंड सरयू अंतर्गत गणेशपुर पंचायत के जामुन कोना गांव में निवासरत कोरवा आदिम जनजाति परिवार आज भी सरकार की मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन नहीं मिल पा रहा है और स्वास्थ्य सेवाएं भी लगभग नदारद हैं।गांव की एक महिला ने बताया कि प्रसव के आठ दिन बीत जाने के बावजूद अब तक न तो कोई स्वास्थ्य कर्मी देखने आया और न ही किसी प्रकार की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई। ग्रामीणों के अनुसार यहां स्वास्थ्य सहिया की नियमित उपस्थिति नहीं है और न ही एएनएम या मेडिकल टीम का दौरा होता है।इस गंभीर स्थिति की जानकारी एक अख़बार में प्रकाशित खबर के माध्यम से मिलने पर पत्रकार मनोज दत्त मौके पर पहुंचे। उनके साथ एक हिंदी दैनिक अख़बार के पत्रकार संजय प्रजापति भी मौजूद रहे। गांव पहुंचकर दोनों पत्रकारों ने ग्रामीणों का हालचाल जाना और समस्याओं को करीब से समझा।मानवीय पहल करते हुए पत्रकार मनोज दत्त ने अपने निजी खर्च से बच्चों के बीच खाने-पीने की सामग्री—जैसे चॉकलेट, ब्रेड आदि—वितरित की। ग्रामीणों ने इस सहयोग के लिए आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि प्रशासन जल्द संज्ञान लेकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि कोरवा आदिम जनजाति परिवारों को तत्काल राशन, स्वास्थ्य सेवाएं और नियमित मेडिकल जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को उनका हक मिल सके।





