
अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नव वर्ष की बधाई देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए हौसला अफजाई की और सम्मानित किया
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड की उभरती हुई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नववर्ष और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाऐं दी।मुख्यमंत्री ने कहा कि नया साल आपके लिए एक बेहतरीन वर्ष साबित हो। आप अपने खेल से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में एक नया मुकाम हासिल करें। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा से देश और राज्य का नाम रोशन करें, इसके लिए ढेरों आशीवार्द। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फुटबॉलर अनुष्का को सम्मानित करने के साथ स्पोर्ट्स किट प्रदान किया। अनुष्का ने भी अपने अब तक के खेल अनुभवों को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। मुख्यमंत्री ने अनुष्का से कहा कि आप बेफिक्र होकर अपने खेल पर ध्यान दें। आपसे इस राज्य को काफी उम्मीदें हैं। आपकी हर जरूरत तथा सहयोग के लिए सरकार खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हमारी सरकार इन खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ वैसा प्लेटफार्म उपलब्ध करा रही है, जहां से वे खेलों की दुनिया में अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकें। हमारी सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दिशा में कई ठोस कदम उठाए गए हैं।राज्य में खेल का बेहतर वातावरण तैयार करने तथा खिलाड़ियों को आगे ले जाने के लिए जो भी ज़रूरतें होगी, उसे उपलब्ध कराएंगे।मुख्यमंत्री ने अनुष्का कुमारी के रांची जिला के ओरमांझी प्रखंड स्थित रुक्का गांव में एक खेल मैदान विकसित करने का निर्देश रांची जिला प्रशासन को दिया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उपस्थित रांची के उप विकास आयुक्त से कहा कि सुश्री अनुष्का के परिजनों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए समुचित कदम उठाएं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि आर्थिक संकट की वजह से किसी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए। खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को हर हाल में सामने लाना है ताकि उन्हें उनकी मंजिल मिले और खेलों की दुनिया में झारखंड की एक अलग पहचान बने।





