
काम के अधिकार की रक्षा के लिए लातेहार में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ का शुभारंभ
Rahul Kumar @ united palamu

Latehar: काम के अधिकार और ग्रामीण आजीविका की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी अभियान ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत आज लातेहार परिसदन सभागार में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता सह प्रभारी डॉ. अजय शाहदेव ने की। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव एवं विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
मनरेगा की वैधानिक गारंटी को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है: अजय शाहदेव
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अजय शाहदेव ने कहा कि मनरेगा एक अधिकार-आधारित कानून है, जिसने ग्रामीण गरीबों, महिलाओं, दलितों और आदिवासियों को सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे नए VB-GRAM-G अधिनियम के माध्यम से मनरेगा की वैधानिक गारंटी को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण रोजगार, मजदूरी और पंचायती राज व्यवस्था पर गंभीर संकट उत्पन्न हो जाएगा।उन्होंने अभियान की आगामी कार्यक्रम रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि 11 जनवरी 2026 को एकदिवसीय उपवास एवं प्रतीकात्मक विरोध, 12 जनवरी से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर जनसंपर्क, 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय मनरेगा बचाओ धरना, 7 फरवरी से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव तथा 16 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक क्षेत्रीय एआईसीसी रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी कानून के खिलाफ गांव से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष कामेश्वर यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी कानून के खिलाफ गांव से लेकर संसद तक संघर्ष करेगी। ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत जिले में पंचायत स्तर से लेकर जिला एवं राज्य स्तर तक व्यापक आंदोलनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव ने कहा कि यह लड़ाई केवल एक योजना की नहीं, बल्कि गरीबों के काम के अधिकार और गरिमा की लड़ाई है। कांग्रेस पार्टी हर हाल में मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में बहाल कराने के लिए प्रतिबद्ध है।मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र भारती,महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिता देवी सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।




