
Cold Day : झारखंड में 15 जनवरी तक रहेगा शीतलहर का प्रकोप
Ranchi : झारखंड के अधिकांश जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। हालांकि कई जिलों में न्यूनतम तापमान में आंशिक वृद्धि दर्ज की गई है। यह जानकारी मौसम विभाग ने सोमवार को दी। विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में 15 जनवरी तक शीतलहर चलने की संभावना है।
रांची में जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं सोमवार को यह बढ़कर 8.5 डिग्री सेल्सियस हो गया। इसी प्रकार जमशेदपुर में न्यूनतम तापमान 08 डिग्री से बढ़कर 10.8 डिग्री, डालटेनगंज में 3.5 से 6.1 डिग्री, बोकारो में 6.1 से 7.6 डिग्री तथा चाईबासा में 6.6 के मुकाबले 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, 13 जनवरी को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और मध्यवर्ती भागों में तथा 14 और 15 जनवरी को उत्तर-पश्चिमी, मध्यवर्ती एवं दक्षिणी हिस्सों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं अगले तीन दिनों में राज्य भर में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना जताई गई है। इसके बाद अगले दो दिनों के दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। सुबह के समय लोगों को कड़ाके की ठंड का एहसास हुआ, जबकि दिन चढ़ने के साथ धूप में हल्की तपिश महसूस की गई। वहीं शाम होते ही एक बार फिर कनकनी बढ़ गई।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 28.8 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान गुमला में 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।





