निकाय चुनाव : ईमानदार नेतृत्व और समावेशी विकास के संकल्प के साथ मैदान में उतरी उषा देवी

  • मेरा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि नगर के हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है : उषा देवी

Husenabad : हुसैनाबाद नगर पंचायत क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में नगर अध्यक्ष पद की प्रत्याशी उषा देवी ने जन-जन से विकास और विश्वास के नाम पर समर्थन की अपील की है।उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है, जब नगर की जनता ईमानदार नेतृत्व, स्वच्छ प्रशासन और समावेशी विकास को चुने।

उषा देवी ने अपने संदेश में कहा कि वे केवल एक नाम नहीं, बल्कि सेवा, संघर्ष और संवेदनशीलता का प्रतीक हैं। उनका मानना है कि नगर का विकास तभी सार्थक होगा, जब उसका लाभ समाज के हर वर्ग, गरीब, मज़दूर, महिलाएँ, युवा और बुज़ुर्ग तक समान रूप से पहुँचे। उन्होंने मतदाताओं से अपील किया कि वे एक ऐसे नेतृत्व को चुनें जो ज़मीन से जुड़ा हो और जनता की पीड़ा को समझता हो।

अपने संकल्पों को रखते हुए उषा देवी ने कहा कि यदि उन्हें नगर अध्यक्ष बनने का अवसर मिला, तो नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाया जाएगा। हर गली और हर मोहल्ले में पक्की सड़क व नाली का निर्माण, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके साथ ही महिलाओं, युवाओं और बुज़ुर्गों के सशक्तिकरण के लिए ठोस योजनाएँ लागू की जाएँगी। उन्होंने भ्रष्टाचार-मुक्त और पारदर्शी नगर पंचायत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

गौरतलब है कि उषा देवी पूर्व में भी नगर पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं। उनके पिछले कार्यकाल में नगर में कई गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य हुए थे, जिनमें बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में सुधार शामिल रहा। यही कारण है कि आज भी बड़ी संख्या में नागरिक उनके कार्यकाल को याद कर रहे हैं और दोबारा नेतृत्व सौंपने की बात कर रहे हैं।

अपने बयान में उषा देवी ने कहा, मुझे नगर की ज़मीन की सच्चाई का अनुभव है। मैंने पहले भी जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया है और आगे भी मेरा लक्ष्य ऐसा विकास करना है, जो हर घर तक पहुँचे। उन्होंने अंत में कहा कि एक-एक वोट नगर के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और सभी नागरिक मिलकर सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर नगर का निर्माण करें।

नारे के साथ उषा देवी ने संदेश दिया, उषा देवी नहीं, विकास जीतेगा’ और ‘हर घर तक रोशनी, उषा देवी के साथ प्रगति।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!