
Gadhwa: मां-बेटे का शव बरामद, खुदकुशी की आशंका
गढवा : गढवा के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के सारो गांव स्थित पिराटांड़ में शनिवार को मां और बेटे का शव घर के अंदर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान संगीता कुमारी (22) और उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र कार्तिक के रूप में हुई है। घटना को लेकर खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार संगीता के पति मुकेश पाल करीब 15 दिन पूर्व रोजी-रोटी की जुगाड़ में गुजरात गये थे। शनिवार को उनकी मां तिरकुमारी देवी बकरी चराकर घर लौटीं तो देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया।
अंदर प्रवेश करने पर संगीता और उनके डेढ़ वर्षीय पुत्र कार्तिक का शव पड़ा मिला। घटना की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर मृतका के पिता बिंध्याचल पाल, निवासी परसवान थाना खरौंधी मौके पर पहुंचे। वहीं पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने घर से कीटनाशक की एक बोतल भी बरामद की है, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस खुदकुशी सहित अन्य संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है।



