सांसद की अध्यक्षता में दिशा की बैठक हुई संपन्न, योजनाओं के पारदर्शी व समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

Rahul Kumar @ united palamu

Latehar : चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DDCMC) दिशा की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (DMFT), जिला अनाबद्ध निधि एवं CSR मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों के ऑनलाइन उद्घाटन से हुई। उद्घाटित कार्यों में महुआडांड प्रखंड के अम्बाटोली पंचायत में प्रोसेसिंग यूनिट भवन का जीर्णोद्धार, पंचायत पांडेयपुरा के ग्राम किनामार में कृषि परिसर, गौशाला निर्माण, विद्युतीकरण, जलमीनार व गहरी बोरिंग तथा नगर पंचायत लातेहार में इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का जीर्णोद्धार शामिल है।बैठक में मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह एवं लातेहार विधायक प्रकाश राम की उपस्थिति रही। इस अवसर पर खिलाड़ियों के बीच स्पोर्ट्स किट का वितरण किया गया, जिससे खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया। उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पूर्व दिशा बैठक के निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों का अनुपालन प्रतिवेदन प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तुत किया।समीक्षा के दौरान सांसद ने पीसीसी पथ निर्माण, जल जीवन मिशन, सड़क मरम्मतीकरण, पंचायतों में नेट सुविधा, शिक्षा विभाग में अनियमितता पर कार्रवाई, नवसृजित प्रखंड सरयू को अंचल का दर्जा, वृक्षारोपण, मेडिकल कॉलेज प्रस्ताव, विद्युत एवं जलापूर्ति की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं में न्यूनतम मजदूरी दर सहित सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे।जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास व अबुआ आवास योजना की समीक्षा करते हुए सांसद ने हाथियों से क्षतिग्रस्त घरों के लाभुकों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवास सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन का आधार है, इसलिए पात्र लाभुकों को समयबद्ध लाभ मिलना चाहिए।बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।अंत में उपायुक्त द्वारा सांसद एवं विधायकों को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। बैठक में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव जिला प्रशासन, पुलिस, वन विभाग, जिला परिषद, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!