
कनाडा में फंदे से लटका मिला फुलसू के मजदूर का शव,परिजनों में मचा कोहराम
बारियातू:थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलसु पंचायत के ग्राम मुक्की निवासी हेमराज राम (29) का शव रविवार की रात कनाडा में फंदे से लटका पाया गया। इसकी सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार, मुक्की ग्राम निवासी हेमराज राम रोजगार के लिए कनाडा गया था। बेंगलुरु स्थित अमरुथा कंस्ट्रक्शन कंपनी में कंक्रीट मिक्सर गाड़ी चलाने का कार्य करता था। रविवार को अचानक उसके ही मोबाइल फोन से उनकी फांसी के फंदे से झूलता फोटो गांव के पड़ोसी धर्मेंद्र गोसाईं के मोबाइल पर आया। फोटो देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा कि हेमराज राम का शव पेड़ से सिक्कड़ के सहारे लटका हुआ पाया गया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हेमराज के साथ काम करने वाले साथियों से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मुखिया तेतरी देवी, उप प्रमुख निशा शाहदेव, झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव, पूर्व मुखिया अर्जुन उरांव आदि मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। वहीं, परिवार के कुछ सदस्य शव को लाने की प्रक्रिया के लिए बेंगलुरु रवाना हुए। मृतक के परिजनों ने सांसद कालीचरण सिंह, विधायक प्रकाश राम एवं लातेहार उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक का शव सकुशल गांव लाने की मांग की है।





