
मतपेटी में कल बंद हो जाएगा मेयर, अध्यक्ष व वार्ड पार्षदों की किस्मत
Palamu : शहर की सरकार चुनने के लिए मतदाता सोमवार को लोकतंत्र में मिले अपने अधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने भी निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। मेदिनीनगर नगर निगम में मेयर पद के 11, विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के 21, हुसैनाबाद अध्यक्ष पद के 7, छतरपुर अध्यक्ष पद के 24, हरिहरगंज नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 10 उम्मीदवारों व पार्षद पद सहित कुल 724 उम्मीदवार मैदान में है। जिले में कुल 246 बूथ बनाए गए हैं, जहां मतदाता पांच सालों के लिए अपने क्षेत्र का प्रतिनिधि चुनेगें।
जिले के सभी नगर निकायों के दो लाख 31 हजार 970 मतदाता मतदान करेंगे। भय मुक्त माहौल में चुनाव कराने को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई है। बूथों के लिए पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया। गणेश लाल अग्रवाल कालेज पोलिंग पार्टी को रवाना किया गया। चुनाव को लेकर सभी मेयर/अध्यक्ष व पार्षद प्रत्याशियों ने पिछले कई दिनों से अपनी पूरी ताकत झोंक रखी थी। प्रशासन ने सभी पोलिंग पार्टियों और पुलिस बल को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
लोकतंत्र के महापर्व में पोलिंग पार्टियां पूरे उत्साह के साथ पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना रविवार को रवाना हुईं। चुनाव को लेकर 100 मीटर की सीमा के अंदर केवल मतदाता या फिर चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारी ही रहेंगे, इसके अलावा कोई व्यक्ति 100 मीटर की परिधि में नहीं रहेगा। 100 मीटर की सीमा निर्धारित की गई है।
सोमवार सुबह 8 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हो जाएगी, जो शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान के एक घंटे पूर्व यानी सुबह 7 बजे माक पोल होगा। इसके बाद निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया शुरु हो जाएगी।





