
मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने हेतु मतदान कर्मियों को सभी मतदान केंद्रों पर किया गया रवाना
लातेहार:नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत लातेहार नगर पंचायत क्षेत्र में दिनांक 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान के मद्देनजर समाहरणालय परिसर प्रांगण में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से रविवार को मतदान पदाधिकारियों एवं मतदान दल के कर्मियों को संबंधित मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव द्वारा मतदान कर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से मतदान संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कर्मी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें।
इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान कर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों व अन्य कार्यों का जायजा लिया। मतदान कर्मियों को संबंधित पोलिंग पार्टी एवं पुलिस के जवानों के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान कार्यों का सफल संचालन सुनिश्चित करने की बात कही गई। साथ ही उन्होंने बताया कि सभी मतदान कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ कलस्टरों में भोजन, पानी, शौचालय, निर्बाध बिजली की व्यवस्था एवं कलस्टरों में चिकित्सीय दल की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री, मतपेटिका, मतपत्र एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों का विधिवत वितरण किया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।
जिला प्रशासन द्वारा सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।23 फरवरी 2026 को मतदान कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराने को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) -सह- उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव द्वारा सभी मतदान पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दी गई।





