पलामू में मतगणना प्रक्रिया प्रारंभ, निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक बनाए हुए हैं नजर

Palamu : नगरपालिका (आम) निर्वाचन, 2026 के तहत राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड से निर्धारित कार्यक्रमानुसार पलामू जिला अंतर्गत सभी नगर निकाय निर्वाचन क्षेत्रों में हुए मतदान के दौरान प्राप्त मतों की गणना आज शुरू हो गई है। मतगणना कार्य जीएलए कॉलेज के बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में निर्धारित समय पूर्वाह्न 8 बजे से शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढ़ंग से प्रारंभ हुई। पलामू जिला अंतर्गत नगरपालिका निर्वाचन क्षेत्र यथा-मेदिनीनगर नगर निगम (वर्ग ख), विश्रामपुर नगर परिषद् (वर्ग ख), हुसैनाबाद नगर पंचायत, हरिहरगंज नगर पंचायत एवं छतरपुर नगर पंचायत नगर निकाय क्षेत्र अंतर्गत अवस्थित सभी मतदान केन्द्रों पर डाले गये मतों की गणना बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन में ही की जा रही है।मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जा रही है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

प्रत्येक नगर निकाय के लिए अलग-अलग टेबल एवं राउंड की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक राउंड की गणना की समाप्ति के उपरांत प्राप्त मतगणना का परिणाम आधिकारिक रूप से घोषणा की जाएगी। प्रथम राउंड का परिणाम 11 बजे तक आने की संभावना है।

विदित हो कि पलामू जिला अंतर्गत सभी नगर निकाय निर्वाचन क्षेत्र में मतों की गणना हेतु 79 टेबल बनाए गये हैं, जिसपर निर्धारित राउंड के अनुसार मतगणना कार्य संपादित होगा। सभी नगर निकायों के मतों की गिनती 14 राउंड में संपन्न कराया जाना है। इसमें मेदिनीनगर नगर निगम के मतों की गणना के लिए 27 टेबल बनाए गये हैं। यहां 5 राउंड में मतगणना होनी है।इसी तरह विश्रामपुर नगर परिषद के लिए 13 टेबल एवं 3 राउंड निर्धारित है। हुसैनाबाद नगर पंचायत के विभिन्न मतदान केंद्रों पर प्राप्त मतों की गणना निर्धारित 15 टेबल पर की जा रही है। यहां का मतगणना 2 राउंड में होना है। वहीं हरिहरगंज नगर पंचायत के मतदान केंद्रों में प्राप्त मतों की गणना 12 टेबल एवं 2 राउंड में संपन्न कराया जा रहा है। इसके अलावा छतरपुर नगर पंचायत का मतगणना 12 टेबल पर की जा रही है। इसके मतगणना परिणाम 2 राउंड में आएंगे।

अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं के प्रकाशन एवं प्रसारण से करें परहेज

जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह-उपायुक्त समीरा एस., पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, उप विकास आयुक्त, पर्यवेक्षक, निर्वाची पदाधिकारी मतगणना परिसर का निगरानी कर आवश्यक जानकारी ले रहे हैं और संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा है कि मतगणना के प्रत्येक राउंड के बाद आधिकारिक सूचना उपलब्ध कराई जाएगी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने आमजन एवं प्रेस व मीडिया से अपील की है कि मतगणना से संबंधित किसी प्रकार की अपुष्ट अथवा भ्रामक सूचनाओं के प्रकाशन एवं प्रसारण परहेज करें। सूचनाओं के प्रकाशन, प्रसारण एवं फॉरवर्ड करने के पूर्व उसके तथ्यों की आधिकारिक जांच अवश्य रूप से कर लें। मतगणना से संबंधित आधिकारिक सूचनाएं प्रसारित की जा रही है।

बज्रगृह से निकाला गया मतपेटिका

मतगणना कार्य के शुरूआत में बज्रगृह में सुरक्षित रूप से रखे पोल्ड मतपत्र से संबंधित मतपेटिका को मतगणना कक्ष में पहुंचाया गया, जहां मतों की गिनती की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।

आवश्यक जांच के उपरांत ही प्रवेश

मतगणना कार्य में लगाये गये पदाधिकारी/कर्मचारी मतगणना कार्यो का सफलतापूर्वक संपादन हेतु निर्धारित समय से पूर्व मतगणना स्थल पहुंचने लगे थे। मतगणना परिसर में प्रवेश के पूर्व तैनात पुलिस बल द्वारा जिला प्रशासन की ओर से निर्गत प्रवेश पत्र/पास की जांच की जा रही थी। साथ ही ज्वलनशील पदार्थ, तरल पदार्थ, माचिस, चाकू, हथियार, मोबाइल सिगरेट, गुटखा, पान इंक आदि प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच की जा रही थी, ताकि इन वस्तुओं को लेकर कोई भी प्रवेश न करने पाये। आवश्यक जांच के बाद मतगणना परिसर में प्रवेश दिया जा रहा था।

सीसीटीवी से निगरानी

मतगणना कार्यो की निगरानी सीसीटीवी कैमरे से भी की जा रही है। संपूर्ण मतगणना परिसर में कार्यो के पर्यवेक्षण हेतु सीसीटीवी का अधिष्ठापन किया गया है। इसके माध्यम से भी मतगणना परिसर एवं मतगणना कक्ष की गतिविधियों पर सूक्षमता से नजर रखी जा रही है।

मतगणना हेतु रेंडमाइजेशन

मतगणना को लेकर सूचना विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह के नेतृत्व में सूचना विज्ञान कार्यालय की टीम द्वारा काउंटिंग पर्सनल का रेण्डमाइजेशन करके उन्हें नगर निकाय क्षेत्र एवं टेबल आवंटित किया गया था। वहीं गणना करने हेतु तकनीकी सेल को प्रशिक्षित किया गया है।

निषेधाज्ञा लागू

इधर मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल दंडाधिकारी द्वारा बहुउद्देश्यीय परीक्षा भवन के 100 मीटर की परिधि क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!