
लातेहार नगर अध्यक्ष चुनाव में महेश सिंह की ऐतिहासिक जीत, जश्न में डूबा नगर
लातेहार : नगर अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी महेश सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 995मतों के अंतर से विजय प्राप्त की है। इस जीत के साथ ही नगर निकाय की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ गया है। चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा जिला प्रशासन द्वारा किए जाने के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ पड़ी।प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार महेश सिंह को कुल 5374 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी बिलासी टोपनो को 4389 मत मिले। इस प्रकार महेश सिंह ने 995मतों के स्पष्ट अंतर से जीत हासिल कर अपनी मजबूत जनाधार का परिचय दिया। पूरे चुनावी प्रक्रिया के दौरान नगर क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान हुआ और मतगणना भी सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।परिणाम घोषित होते ही महेश सिंह के समर्थकों ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का स्वागत किया। माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजयी जुलूस भी निकाला।विजय के बाद महेश सिंह ने नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बल्कि लातेहार की जनता की जीत है। मैं सभी मतदाताओं का हृदय से धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया। मैं विश्वास दिलाता हूं कि नगर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा।उन्होंने आगे कहा की मैं विपक्ष सहित सभी जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखता हूं। हमारा लक्ष्य राजनीति नहीं, बल्कि विकास और जनसेवा है। नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।महेश सिंह की इस जीत को नगर की राजनीति में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि उनके नेतृत्व में नगर क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।





