हुसैनाबाद नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए 3 प्रमुख दावेदार
हुसैनाबाद : नगर निकाय चुनाव संपन्न होने के बाद अब हुसैनाबाद नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार हुसैनाबाद नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 9 मार्च को अधिसूचना जारी होगी, जबकि 17 मार्च को पार्षदों की बैठक में मतदान कराया जाएगा। चूंकि उपाध्यक्ष का चुनाव प्रत्यक्ष रूप से जनता द्वारा नहीं बल्कि निर्वाचित वार्ड पार्षदों द्वारा किया जाना है, इसलिए नगर पंचायत के 16 पार्षदों के बीच समर्थन जुटाने को लेकर अंदरखाने जोड़तोड़ और बैठकों का दौर तेज हो गया है।उपाध्यक्ष पद की दौड़ में फिलहाल वार्ड पार्षद राजेंद्र प्रसाद पाल, राजकुमार कश्यप और अनवर आलम का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। तीनों संभावित दावेदार पार्षदों से संपर्क साधने और समर्थन सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

दिलचस्प बात यह है कि हुसैनाबाद नगर पंचायत के 16 वार्डों में से 09 वार्ड पार्षद महिलाएं हैं, लेकिन अब तक उपाध्यक्ष पद के लिए किसी महिला प्रत्याशी का नाम सामने नहीं आया है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि अंतिम समय में किसी महिला पार्षद की दावेदारी सामने आती है तो चुनावी समीकरण बदल सकते हैं।स्थानीय राजनीतिक जानकारों के अनुसार उपाध्यक्ष का चुनाव पूरी तरह समर्थन के गणित और पार्षदों के व्यक्तिगत समीकरण पर निर्भर करेगा।

यही कारण है कि चुनाव की तारीख नजदीक आते ही संभावित प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने में लगे हुए हैं।अब सभी की निगाहें 17 मार्च को होने वाले चुनाव पर टिकी हैं, जब पार्षदों के मतदान के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि हुसैनाबाद नगर पंचायत का अगला उपाध्यक्ष कौन होगा।





