आजादी के दशकों बाद भी अंधेरे में गोताग गांव काम अधूरे छोड़ भागा विभाग

Latehar:सरकार भले ही हर घर बिजली पहुंचाने का दावा कर रही हो, लेकिन सरयू प्रखंड के चोरहा पंचायत अंतर्गत गोताग गांव की हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। आजादी के दशकों बाद भी यह गांव बिजली की रोशनी से महरूम है। शाम ढलते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है और ग्रामीण ढिबरी व लालटेन के सहारे जीवन बिताने को मजबूर हैं।सरयू प्रखंड मुख्यालय से महज लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित गोताग गांव में करीब 60 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीण निर्मल उरांव ने बताया कि करीब चार महीने पहले बिजली विभाग की टीम गांव पहुंची थी और 25 से 30 घरों के आसपास बिजली के पोल और केबल लगाए गए। उस समय ग्रामीणों को उम्मीद जगी थी कि अब उनके घरों में भी रोशनी आएगी। लेकिन कुछ ही दिनों बाद काम अधूरा छोड़ दिया गया और आज तक बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई।ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लगाए गए पोल और तार केवल दिखावे के लिए खड़े कर दिए गए हैं। चार महीने बीत जाने के बाद भी एक भी घर में बिजली नहीं पहुंची। नतीजा यह है कि 60 परिवारों वाला पूरा गांव आज भी अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर है।बिजली नहीं होने के कारण ग्रामीणों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई अंधेरे में प्रभावित हो रही है, वहीं मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को दूसरे गांवों का सहारा लेना पड़ता है। अंधेरे के कारण महिलाओं और बुजुर्गों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। गर्मी के दिनों में पंखा और अन्य सुविधाएं नहीं होने से हालात और भी मुश्किल हो जाते हैं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि गर्मी शुरू होने से पहले गांव में बिजली आपूर्ति चालू कर दी जाती, तो गोताग गांव के लोगों को काफी राहत मिल सकती थी।ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली सेवा बहाल कराने को लेकर जिला बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय विधायक को भी लिखित आवेदन देकर जल्द बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की गई है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। अब देखना यह है कि बिजली विभाग कब तक इस गांव की अंधेरी किस्मत बदल पाता है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!