
बरवाडीह में चला वाहन जांच अभियान, 18 वाहनों पर 67,500 रुपये का जुर्माना
Latehar : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुवार को बरवाडीह थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुंडारी तथा प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक सह बरवाडीह थाना प्रभारी राम लखन वर्णनवाल के नेतृत्व में चलाया गया।
अभियान के दौरान बरवाडीह चौक से गुजरने वाले दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के साथ-साथ स्कूल वैन और यात्री बसों की भी बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों एवं सुरक्षा मानकों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 दोपहिया वाहनों के विरुद्ध कुल 67,500 रुपये का ई-चालान जारी किया गया।
इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट पहनने तथा सुरक्षित वाहन परिचालन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और अपनी तथा दूसरों की जान की सुरक्षा सुनिश्चित करें।




