16 माह से बंद है सिकनी कोलियरी, जिम्मेदार हैं निगम के अधिकारी: रविडे

लातेहार: जिले की सिकनी कोलियरी पिछले लगभग 16 महीनों से बंद पड़ी है, जिससे हजारों मजदूरों और स्थानीय व्यवसाय से जुड़े लोगों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। इस संबंध में झारखंड विकास समिति के बैनर तले चंदवा पीडब्ल्यूडी के डाक बंगला परिसर में झारखंड विकास समिति के केंद्रीय अध्यक्ष रवि कुमार डे की अध्यक्षता में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री डे ने कहा कि लातेहार जिले में लाखों टन कोयला उत्पादन करने वाली सिकनी कोलियरी के बंद होने से क्षेत्र के हजारों मजदूरों का रोजगार छिन गया है। मजदूरों के परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर निगम के अधिकारी इस मामले में कोई ठोस पहल करते नजर नहीं आ रहे हैं।उन्होंने कहा कि कोलियरी बंद होने का सीधा असर आसपास के बाजारों और छोटे कारोबारियों पर भी पड़ा है। कई दुकानदारों की दुकानों पर ताले लटकने की स्थिति बन गई है। होटल, ढाबा, किराना और अन्य छोटे व्यापार से जुड़े लोगों की आय भी बुरी तरह प्रभावित हुई है।प्रेस वार्ता में उपस्थित झारखंड विकास समिति के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने बताया कि सिकनी कोलियरी क्षेत्र में बड़ी संख्या में मजदूर ट्रकों के माध्यम से कोयला ढुलाई के कार्य से जुड़े थे, जिससे कई परिवारों की आजीविका चलती थी। कोलियरी बंद होने के कारण यह काम भी पूरी तरह ठप हो गया है।श्री डे ने आरोप लगाया कि कई बार इस संबंध में निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोलियरी को चालू करने को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों की ओर से पहले एक माह के भीतर कोलियरी चालू कराने की बात कही गई थी, लेकिन 16 महीने बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।प्रेस वार्ता के माध्यम से सरकार और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सिकनी कोलियरी को पुनः चालू कराने की मांग की गई, ताकि मजदूरों और कारोबारियों को राहत मिल सके।इस मौके पर सत्यजीत कुमार, लालबिहारी यादव, रामबृक्ष प्रजापति, सोनू मेहता, रवि कुमार और दीपक कुमार सहित कई लोग उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!