रेल लाइन पर मिला दो युवकों का शव, जांच में जुटी पुलिस
Dumka (Jharkhand) : जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत हंसडीहा-गोड्डा रेल लाइन पर शनिवार को रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव बरामद किया गया। दोनों की मौत ट्रेन से कटकर होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार हंसडीहा थाना क्षेत्र के बभनखेता और चोरबटीया गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर दो युवकों के शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि दोनों शव करीब एक किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जबकि दूसरे की पहचान बिहार के बांका जिला अंतर्गत बौसी थाना क्षेत्र के खिजरीमुंडिया गांव निवासी सूरजलाल टुड्डू के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सूरज लाल टुडू अपने बहन के घर बबन खेता गांव आया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों युवकों की मौत ट्रेन से कटने से हुई प्रतीत होती है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि दोनों की मौत एक ही ट्रेन से हुई है या अलग-अलग ट्रेन की चपेट में आने से।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पहचान होने के बाद सूरजलाल टुड्डू का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि दूसरे शव को मर्चरी वार्ड में सुरक्षित रखा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




