झारखंड में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी की किल्लत, विधान सभा में उठा मामला

Ranchi : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में सोमवार को राज्य में घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी की किल्लत का मुद्दा उठा। विधायक प्रदीप यादव के सवाल को लेकर संसदीय कार्यमंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बताया कि गैस आपूर्ति प्रभावित होने के कारण राज्य में सिलेंडर बुकिंग की अवधि बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि पहले गैस बुकिंग के 48 घंटे के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति हो जाती थी, लेकिन वर्तमान स्थिति में तीन से चार दिन या उससे अधिक समय लग रहा है।

उन्होंने कहा कि वस्तुस्थिति को देखते हुए शहरी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 15 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अवधि 45 दिन कर दी गई है।

मंत्री ने कहा कि राज्य में कॉमर्शियल गैस की भारी कमी हो गई है। झारखंड में जहां प्रतिमाह करीब 2273 मीट्रिक टन कॉमर्शियल गैस की जरूरत है, वहीं केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार फिलहाल केवल 80 प्रतिशत तक ही आपूर्ति की जा रही है। इसके कारण गैस की उपलब्धता घटकर लगभग 1818 मीट्रिक टन रह गई है।

इससे कई क्षेत्रों में परेशानी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राज्य के होटल, रेस्टोरेंट और कई औद्योगिक प्रतिष्ठान कॉमर्शियल गैस पर निर्भर हैं। आपूर्ति में कमी होने से इन संस्थानों के संचालन पर असर पड़ सकता है। साथ ही इससे राज्य को मिलने वाले जीएसटी राजस्व पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की संभावना है।

सदन में इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान सरकार की ओर से जवाब में बताया गया कि तेल कंपनियों और संबंधित अधिकारियों के साथ 14 मार्च को बैठक की गई थी। केंद्र सरकार के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी इस विषय पर चर्चा की गई है, ताकि गैस आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!