कमिश्नर ने किया मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण, प्राचार्य एवं अधीक्षक के साथ कार्यालय में की बैठक

Palamu : प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने शुक्रवार को पलामू के पोखराहा स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल एवं प्रशासनिक भवन का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का अवलोकन किया।

आयुक्त ने हॉस्टल में छात्राओं के रहने की व्यवस्था, कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, शौचालयों की साफ-सफाई, लिफ्ट की स्थिति, बिजली व्यवस्था तथा शैक्षणिक माहौल का निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य से व्यवस्थाओं की वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।

आयुक्त ने खराब पड़ी लिफ्ट को अविलंब चालू कराने पर जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने हॉस्टल एवं कॉलेज परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मेंटेनेंस कार्यों पर विशेष ध्यान देने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज में लिफ्ट के एनुअल मेंटेनेंस चार्ज के भुगतान हेतु प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की, ताकि लिफ्ट के एनुअल मेंटिनेस चार्ज का भुगतान हो सके।

कैंटीन व्यवस्था के अवलोकन के क्रम में उन्होंने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने की बातें कही। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई एवं रख-रखाव सुनिश्चित करने एवं बिजली व्यवस्था दुरूस्त करते हुए लाइट की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने प्राचार्य को विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने, कॉलेज में अनुशासन, स्वच्छ एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के उपरांत आयुक्त ने अपने कार्यालय वेश्म में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं अधीक्षक के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण एवं बैठक के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य जका श्रीनिवास, अधीक्षक एवं अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!