लॉरी से टकराई बस, 14 लोगों की मौत, आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले की घटना
Amravati : आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास गुरुवार को एक सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में स्लैब खदानों के पास एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टक्कर हो गई, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की भी खबर है।
मार्कपुरम डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने हादसे के बारे में बताते हुए कहा कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब बस जगित्याला से कालिगिरी जा रही थी। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह से जलकर खाक हो गई।

जिंदा जले कई यात्री
डीएसपी राजू के अनुसार, आशंका है कि इस घटना में कई यात्री जिंदा जल गए हैं। उन्होंने बताया कि यह हादसा गुरुवार की सुबह हुआ। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि भीषण टक्कर की वजह से ही बस में आग लग गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं, शवों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं।
सीएम नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मार्कपुरम जिले के रायवरम के पास हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस घटना में बस में सवार कई यात्रियों के जलकर मर जाने पर शोक जताया। उन्होंने अधिकारियों से बात की और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज देने और घटना की जांच के लिए निर्देश दिए।




