
रामनवमी को लेकर लातेहार प्रशासन सतर्क, अधिकारियों ने किया अखाड़ा समितियों के साथ बैठक व स्थल निरीक्षण
लातेहार: आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में लातेहार के एसडीएम, एसडीपीओ, सीओ, थाना प्रभारी, नगर पंचायत कार्यपालक अभियंता तथा श्रीराम पूजा महासमिति के सदस्यों ने संयुक्त रूप से विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने जुलूस मार्ग, प्रमुख चौक-चौराहों, मंदिर परिसरों एवं संवेदनशील स्थलों का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।इसके बाद थाना परिसर में विभिन्न अखाड़ा समितियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने सभी अखाड़ा संचालकों से शांति एवं अनुशासन बनाए रखने की अपील की। जुलूस के दौरान निर्धारित मार्गों का पालन करने, डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह से दूर रहने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं अखाड़ा समितियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।






