हुसैनाबाद में पाइपलाइन कार्य से सड़क बदहाल, धूल और हादसे का बढ़ा खतरा

Palamu : जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने के कार्य में भारी लापरवाही सामने आ रही है। कार्य की स्थिति देखकर लोगों के बीच आमिर खान की फिल्म रंगीला के इस बोल की चर्चा है कि “अपना काम बनता, भाड़ में जाए जनता।” संवेदक द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क किनारे खोदी गई मिट्टी को हटाने के बजाय सड़क पर ही छोड़ दिया जा रहा है, जिससे मार्ग की हालत लगातार खराब होती जा रही है और आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां सड़क किनारे अतिक्रमण है, वहां जोखिम उठाकर पाइपलाइन बिछाने के बजाय पक्की सड़क के बिल्कुल किनारे ही खुदाई कर दी जा रही है। इससे सड़क का फ्लैंक कमजोर हो गया है और कई स्थानों पर सड़क किनारा टूटने की स्थिति में पहुंच गया है। इतना ही नहीं, खोदी गई मिट्टी को व्यवस्थित ढंग से हटाने के बजाय सड़क पर बिखेर दिया गया है, जिससे पूरे मार्ग पर धूल उड़ रही है।
उक्त मुख्य सड़क किनारे कई जगहों पर मिट्टी को ऊंचा छोड़ देने से सड़क असंतुलित हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। यह मार्ग काफी व्यस्त है और दिनभर वाहनों का आवागमन बना रहता है। ऐसे में सड़क पर फैली मिट्टी दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। जपला नहर मोड़ के पास स्थिति और भी खराब बताई जा रही है, जहां धूल और उबड़-खाबड़ सड़क से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद मिट्टी को किनारे ऊंचा कर दिया गया है, जिससे वाहन फिसलने और हादसे का खतरा बढ़ गया है। साथ ही नाली का पानी भी सड़क पर बह रहा है, जिससे मार्ग की स्थिति और बदतर हो रही है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सड़क से मिट्टी हटाने और मार्ग को व्यवस्थित कराने की मांग की है।
हालांकि अब तक किसी संबंधित पदाधिकारी द्वारा इस मामले में कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संवेदक का उद्देश्य केवल किसी तरह पाइपलाइन बिछाकर सरकारी राशि का भुगतान लेना प्रतीत होता है, जबकि आम जनता को हो रही परेशानी से उसे कोई सरोकार नहीं है।देवरी कला से देवरी खुर्द तक जाने वाली सड़क की हालत भी इसी कारण बिगड़ गई है कुल मिलाकर स्थिति यही दर्शा रही है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो सड़क पर दुर्घटनाएं होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने जल्द कार्रवाई कर सड़क को दुरुस्त कराने और कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!