
बारेसांड़ बस स्टैंड में धामन सांप मिलने से अफरा-तफरी,रेस्क्यू के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया सांप
लातेहार:जिले के गारु प्रखंड अंतर्गत बारेसांड़ बस स्टैंड पर सोमवार दोपहर करीब 12 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रवण प्रसाद गुप्ता की किराना दुकान में लगभग 6 फीट लंबा रैट स्नेक (धामन सांप) दिखाई दिया।सांप को देखते ही दुकान में काम कर रहे कर्मचारी शिवा समेत आसपास मौजूद बच्चे और राहगीर घबरा गए।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शिवा ने तुरंत बारेसांड़ के वनपाल परमजीत तिवारी को सूचना दी।सूचना मिलते ही वनपाल परमजीत तिवारी बिना देर किए मौके पर पहुंचे और महज 5 मिनट के भीतर कुशलतापूर्वक सांप का रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पास के जंगल में छोड़ दिया गया।घटना के दौरान बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई थी, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि वन विभाग की तत्परता और सूझबूझ से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।स्थानीय लोगों ने वनपाल परमजीत तिवारी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उनकी सतर्कता से एक संभावित बड़ी घटना टल गई।वनपाल परमजीत तिवारी ने लोगों से अपील की है कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं और न ही उसे छेड़ने या मारने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।





