
पाटन में 2 की मौत, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ली मासूमों की जान
Palamu : पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत गहर पथरा मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में लूना सवार दो नाबालिग किशोरों की गुरुवार की शाम मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।मृतकों की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के सोले गांव निवासी इस्तेयाक अंसारी के 10 वर्षीय पुत्र अफरोज अंसारी उर्फ बुटन तथा नसीम अंसारी के 15 वर्षीय पुत्र तोहिद अंसारी के रूप में हुई है। वहीं घायल किशोर इब्राराज अंसारी (13 वर्ष), पिता अमरुदीन अंसारी, का इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर लूना पर सवार होकर पाटन बाजार से अपने घर सोले से पाटन लौट रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की अज्ञात स्कॉर्पियो वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर किया गया।
वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अफरोज और तोहिद को मृत घोषित कर दिया, जबकि इब्राराज का इलाज जारी है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल पुलिस चौकी के पदाधिकारी महेंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान कर कार्रवाई में जुटी हुई है।



