लाखों खर्च, फिर भी ताले में कैद शौचालय : महिलाएं खुले में जाने को मजबूर

मरम्मत के नाम पर खर्च, लेकिन जमीनी हकीकत शून्य : जांच की मांग

लातेहार:बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में विकास योजनाओं की सच्चाई अब धीरे-धीरे उजागर होने लगी है।लाखों रुपये की लागत से बनाए गए सार्वजनिक शौचालय आज भी या तो अधूरे पड़े हैं या ताले में कैद हैं। नतीजा यह है कि आम जनता, खासकर महिलाओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वे खुले में शौच जाने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, बरवाडीह मुख्य बाजार स्थित सार्वजनिक शौचालय की मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।शौचालय आज भी अधूरा और बंद पड़ा है और उपयोग के लायक नहीं है।वहीं, बस स्टैंड परिसर में लगभग तीन वर्ष पूर्व निर्मित शौचालय अब तक शुरू नहीं किया गया है और उस पर ताला लटका हुआ है।

खुले में शौच को विवश हैं महिलाएं


स्थानीय व्यवसायियों और आम लोगों का कहना है कि यह पूरी तरह कागजी विकास का उदाहरण है, जहां कागजों पर योजनाएं पूरी दिखा दी जाती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर सुविधा नदारद रहती है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं को हो रही है, जिन्हें मजबूरी में खुले में शौच जाना पड़ रहा है, जो उनकी सुरक्षा और गरिमा दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। हैरानी की बात यह है कि प्रखंड में बीडीओ, प्रमुख, जिला परिषद और मुखिया समेत कई प्रमुख पदों पर महिलाएं पदस्थापित हैं,इसके बावजूद महिला दुकानदारों और ग्राहकों को इस मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। कई बार शिकायत और आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने उपायुक्त से की कार्रवाई की मांग

इधर सांसद प्रतिनिधि सह व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने इस मामले को गंभीर बताते हुए उपायुक्त से जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण और मरम्मत के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। उन्होंने बंद पड़े शौचालयों को अविलंब चालू कराने और दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!