झारखंड सहित पूरे देश में धूमधाम से मना भगवान परशुराम की जयंती

Ranchi : झारखंड सहित पूरे देश में भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम से मनाई गई। पूर्वी सिंहभूम कदमा स्थित ब्रह्मर्षि भवन में रविवार को भगवान परशुराम जयंती के अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से भरा एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व ब्रह्मर्षि विकास मंच ने किया, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोग, युवा, महिलाएं और कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों की सक्रिय भागीदारी रही। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता के संदेश से ओत-प्रोत नजर आया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने श्रद्धा के साथ भगवान परशुराम को नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। मंच की विभिन्न इकाइयों से आए पदाधिकारियों और सदस्यों ने सामूहिक रूप से श्रद्धासुमन अर्पित किए।

समारोह को संबोधित करते हुए परशुराम सेना के अध्यक्ष सेवानिवृत्त डीएसपी कमल किशोर ने भगवान परशुराम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम केवल एक धार्मिक प्रतीक नहीं, बल्कि न्याय, सत्य और धर्म की रक्षा के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज के लोगों से उनके सिद्धांतों को जीवन में उतारने और सामाजिक न्याय की दिशा में कार्य करने की अपील की।

संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह ने अपने संबोधन में भगवान परशुराम के जीवन चरित्र की गहराई से चर्चा करते हुए बताया कि उनका जीवन संघर्ष, अनुशासन और धर्म रक्षा का प्रतीक रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए ऐसे आदर्शों को अपनाना बेहद जरूरी है।

अखिल भारतीय ब्रह्मर्षि समाज के अध्यक्ष कर्नल आर.पी. सिंह ने राष्ट्र निर्माण में समाज की भूमिका को रेखांकित करते हुए युवाओं से देशहित में सक्रिय योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रखता है।

इस अवसर पर मंच के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा समाज में एकता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज के उत्थान और विकास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!