
विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: उपायुक्त संदीप कुमार
लातेहार: जिले के 27 वें उपायुक्त के रूप में संदीप कुमार ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से पहली मुलाकात में अपनी कार्य प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए न केवल नई योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा, बल्कि पूर्व से संचालित योजनाओं में भी गति लाई जाएगी।उपायुक्त ने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब इसका सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल बताया।पर्यटन के क्षेत्र में संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लातेहार प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है। इन संसाधनों का समुचित विकास कर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। साथ ही निर्माणाधीन खेल स्टेडियम को बेहतर ढंग से विकसित कर युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा।जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए उपायुक्त ने प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित करने की बात कही। इस दौरान लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनकर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन कुमार इलेक्ट्रॉनिक व प्रिंट मीडिया के पत्रकार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।





