
उपायुक्त ने समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का किया औचक निरीक्षण
Latehar: लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार द्वारा 20 अप्रैल दिन सोमवार को समाहरणालय स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण, साफ-सफाई एवं आमजनों को प्रदान की जा रही सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी शाखाओं में समयबद्धता, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने पर बल दिया।इसके उपरांत उपायुक्त संदीप कुमार ने समाहरणालय सभागार में उपस्थित सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। मौके पर उपायुक्त ने कहा की लातेहार ज़िले में विकास योजनाओं में तेजी लाते हुए उन्हें धरातल पर सफल रूप प्रदान करना पहली प्राथमिकता रहेगी। साथ ही केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास करना हमारी प्रमुख प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि वह ज़िले की बेहतरी एवं आम जनों के कल्याण के लिए सदैव तत्परता से कार्य करेंगे।उपायुक्त ने कहा कि जिले में प्रशासनिक कार्यों को प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कर्मी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हो सके।मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, अपर समाहर्ता रामा रविदास, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार अजय कुमार रजक, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।





