
हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट
उपायुक्त ने कहा आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
लातेहार:हीट वेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपायुक्त संदीप कुमार के निर्देश पर जिले के सभी पीएचसी, सीएचसी और स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बढ़ती गर्मी और संभावित लू को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को तुरंत इलाज मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस, जरूरी दवाइयां, आईवी फ्लूड्स और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है। साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस सेवाओं को भी अलर्ट रखा गया है। हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं तथा जरूरत पड़ने पर त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी गर्मी के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उपायुक्त ने कहा कि अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें। बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढंकें तथा ओआरएस या नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ का सेवन करें। बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि किसी व्यक्ति में चक्कर आना, तेज बुखार, उल्टी, कमजोरी या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हीट वेव से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।




