
बारियातु-बालूमाथ में परिवहन विभाग ने चलाया विशेष जांच अभियान
Latehar:लातेहार उपायुक्त के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी लातेहार उमेश मंडल के नेतृत्व में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं राजस्व संग्रहण को लेकर बारियातु एवं बालूमाथ थाना क्षेत्र में शनिवार, 16 मई 2026 की शाम 8 बजे से रात 11:30 बजे तक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान भारी वाहनों के ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, फिटनेस, सीट बेल्ट, परमिट तथा ओवरलोडिंग की सघन जांच की गई। साथ ही वाहनों में लगाए गए अतिरिक्त लाइट इंस्टॉलेशन के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे केवल कंपनी फिटेड लाइट का ही उपयोग करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि बालूमाथ एवं बारियातु थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।जांच के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस एवं ओवरलोड वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई।अभियान के क्रम में कुल 98 वाहनों की जांच की गई, जिनमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 वाहनों का ऑनलाइन चालान किया गया। इस कार्रवाई के तहत कुल ₹1,09,500 जुर्माना वसूला गया।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा दूसरों को भी सुरक्षित यातायात के लिए जागरूक करें।






