
फिर बढ़ा पेट्रोल-डीजल के दाम, प्रति लीटर 90 पैसे की बढ़ोतरी
New Delhi : पश्चिम एशिया संकट का असर अब भारत में भी नजर आने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। तेल कंपनियों ने एक हफ्ते में दूसरी बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा किया है। इस बार पेट्रोल-डीजल के दामों में प्रति लीटर करीब 90 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले सरकार ने दोनों ईंधनों पर तीन-तीन रुपये बढ़ाए थे। इसके अलावा सीएनजी के दामों में भी बढ़ोतरी हुई थी।

बता दें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से सरकारी तेल कंपनियों को कुछ हद तक राहत मिली है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, इस बढ़ोतरी के बाद कंपनियों का दैनिक घाटा करीब 25 फीसदी कम होकर 750 करोड़ रुपये रह गया है। पहले ये लगभग 1,000 करोड़ तक पहुंच गया था। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा के मुताबिक, तेल कंपनियों को घाटे की भरपाई के लिए किसी राहत पैकेज या सब्सिडी पर विचार नहीं किया जा रहा है। ईरान युद्ध के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया, इसके बावजूद सरकारी कंपनियां 15 मई तक पेट्रोल और डीजल को पुराने दामों पर बेचती रहीं।



