
शॉर्ट सर्किट से कैटल फीड प्लांट में लगी आग, लाखों की संपत्ति जलकर राख
Latehar : सदर प्रखंड के रेलवे स्टेशन स्थित तूप्पू गांव में शुक्रवार की दोपहर लगभग तीन बजे जगदीपा कैटल फीड प्लांट में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरे प्लांट को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में प्लांट में रखा सामान व मशीनें जलकर राख हो गईं।

प्लांट के प्रोप्राइटर ने बताया-
प्लांट के प्रोप्राइटर सोनी सिंह ने बताया कि पिछले चार वर्षों से प्लांट का संचालन किया जा रहा था। शुक्रवार दोपहर स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिली कि प्लांट में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरे प्लांट में फैल चुकी थी।स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, परंतु तब तक काफी नुकसान हो चुका था।घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्लांट संचालक ने जिला प्रशासन एवं आपदा प्रबंधन विभाग से सहायता और मुआवजे की मांग की है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता प्रदान की जाएगी:अंचलाधिकारी
इस संबंध में अंचलाधिकारी नंदकुमार राम ने बताया कि पीड़ित द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद मामले को विद्युत विभाग को भेजा जाएगा। जांचोपरांत सरकारी प्रावधान के अनुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




