तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत, मुख्यमंत्री ने जताया दुख

Bhopal : मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के अस्तोन गांव में गुरुवार को सिद्ध सागर तालाब में नहाने गए तीन मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि टीकमगढ़ जिले के अस्तौन गांव स्थित सिद्ध सागर तालाब में तीन मासूम बच्चों के डूबने से हुए निधन की घटना दुखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य शासन की ओर से प्रभावित परिवारों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत बालकों की आत्मा की शांति और प्रभावित परिवारों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के अस्तोन गांव में गुरुवार को दोपहर के समय चार बच्चे खेलते-खेलते सिद्ध सागर तालाब पहुंच गए थे। भीषण गर्मी के बीच बच्चे तालाब में नहाने लगे, लेकिन कुछ ही देर में यह मस्ती मौत में बदल गई। मृतकों की पहचान 12 वर्षीय प्रिंस अहिरवार, 13 वर्षीय दीपेश अहिरवार और 13 वर्षीय राज अहिरवार के रूप में हुई है। तीनों एक ही मोहल्ले के निवासी और घनिष्ठ मित्र थे।

ग्रामीणों के बताया कि तालाब के किनारे पानी कम था, लेकिन पूर्व में मिट्टी उत्खनन होने के कारण बीच हिस्से में 10 से 12 फीट गहरे गड्ढे बन गए थे। नहाने के दौरान बच्चे खेलते-खेलते इसी गहरे हिस्से में पहुंच गए। आशंका है कि एक बच्चा गहराई में फंस गया, जिसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों साथी भी पानी में डूब गए।

हादसे के समय उनके साथ मौजूद 12 वर्षीय देव अहिरवार किसी तरह खुद को बचाने में सफल रहा। दोस्तों को पानी में डूबता देख वह घबराकर गांव की ओर भागा और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। कंचनपुरा मोहल्ले सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-रस्सियों के साथ तालाब की ओर दौड़े और पानी में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!