उत्क्रमित मध्य विद्यालय तुरीसोत का राष्ट्रीय स्तर पर चयन

उपायुक्त ने कहा यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है

Latehar :भारत सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छ एवं हरित विद्यालय रेटिंग पहल 2025-26 के तहत लातेहार जिले के चंदवा प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तुरीसोत का चयन किया गया है। विद्यालय को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है।

विद्यालय द्वारा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण के उपायों, ऊर्जा के समुचित उपयोग तथा विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार किए जा रहे प्रयासों को देखते हुए यह उपलब्धि मिली है। इस सफलता से विद्यालय परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह सम्मान सामूहिक प्रयासों का परिणाम है और भविष्य में भी विद्यालय स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के सभी मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास जारी रखेगा।

उपायुक्त ने विद्यालय को बधाई देते हुए कहा कि, “उत्क्रमित मध्य विद्यालय, तुरीसोत की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। विद्यालय ने स्वच्छता, जल संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण में उत्कृष्ट कार्य कर यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों में भी बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। यह सम्मान जिले के अन्य विद्यालयों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। जिला प्रशासन शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल विद्यालयों के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है।”उन्होंने कहा कि बच्चों में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की आवश्यकता है तथा ऐसे प्रयासों से आने वाली पीढ़ी को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकेगा।इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे चंदवा प्रखंड और लातेहार जिले का गौरव बढ़ाया है। शिक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विद्यालय का यह प्रयास अन्य संस्थानों के लिए भी एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!