
पड़वा के सिक्का गांव में रहस्यमयी बीमारी का कहर, बाप-बेटी की मौत, परिवार के 4 सदस्य रांची रेफर
Palamu : पड़वा थाना क्षेत्र के सिक्का गांव में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संदेहास्पद परिस्थितियों में पिता और पुत्री की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से बीमार हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सिक्का गांव निवासी कुलदीप महतो की मौत शुक्रवार देर रात करीब एक बजे हो गई। इसके कुछ घंटों बाद शनिवार सुबह करीब आठ बजे उनकी पुत्री बबीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, पुत्र नकुल महतो, पुत्रवधू श्वेता देवी तथा एक अन्य बेटी की तबीयत भी गंभीर रूप से बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार परिवार के सभी सदस्यों के शरीर में सूजन (फूलने) की शिकायत देखी गई है। हालांकि अब तक बीमारी अथवा मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इधर, गांव के लोगों के सहयोग से मृतक पिता-पुत्री का अंतिम संस्कार किया जा रहा है। घटना की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की नजर मामले पर बनी हुई है। चिकित्सकों की रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।




