
मूल भूत सुविधाओं से वंचित हरदी डोढ़ा के ग्रामीण
लातेहार: जिला मुख्यालय अंतर्गत सीसी पंचायत के जीरमिनियाटांड़ गांव स्थित हरदी डोढ़ा टोला आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बावजूद यहां के ग्रामीणों को सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह बातें समाजसेवी रमेश उरांव ने कही।उन्होंने बताया कि हरदी डोढ़ा निवासी एतवा उरांव गंभीर आर्थिक तंगी और बीमारी से जूझ रहे हैं। उनका परिवार उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। एतवा उरांव मिट्टी के बने जर्जर कच्चे मकान में रहते हैं, जो बरसात के मौसम में कभी भी गिर सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि टोले में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है। गर्मी के दिनों में लोग पास से बहने वाली छोटी नदी का पानी पीने को मजबूर रहते हैं। बरसात आने पर नदी का पानी उपयोग योग्य नहीं रहने से उन्हें काफी दूर जाकर पानी लाना पड़ता है।एतवा उरांव ने जिला प्रशासन से प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने तथा गांव में स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के दौरान उन्हें और अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा




