बेंगलुरु पत्थर की खदान में चट्टान खिसकने से बिहार के 8 मजदूरों की मौत
Bengluru : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मादापट्टना इलाके में एक पत्थर की खदान में एक विशालकाय चट्टान ढह गई। इस हादसे में बिहार के रहने वाले आठ मजदूरों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह-सुबह उस समय हुआ जब मजदूर खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई के काम में लगे हुए थे। वहां मौजूद एक मजदूर ने बताया कि साइट पर करीब 18 लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक बहुत बड़ी चट्टान मजदूरों के ऊपर आ गिरी। जानकारी के अनुसार सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और वहां स्टोन क्रशर साइट पर काम करते थे।
प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए मलबा साफ किया जा रहा है कि कहीं कोई और मजदूर तो अंदर नहीं फंसा है। गौरतलब है कि पुलिस ने पुष्टि की है कि जान गंवाने वाले सभी आठ मजदूर बिहार के रहने वाले थे। उनके परिवारों को इस हादसे की जानकारी देने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि यह चट्टान कैसे गिरी और क्या खदान में सुरक्षा नियमों की अनदेखी या लापरवाही की गई थी।




