
क्षतिग्रस्त बिजली पोल व झूलते हाईटेंशन तार से हादसे का खतरा,मरम्मत की मांग
लातेहार: नगर मंडल कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र उरांव ने विद्युत कार्यपालक अभियंता, लातेहार को आवेदन सौंपकर सदर प्रखंड के रेहड़ा गांव में क्षतिग्रस्त बिजली पोल और झूलते हाईटेंशन तारों की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
आवेदन में उन्होंने बताया कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण गांव का एक बिजली पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर गिर गया है, जबकि दूसरा पोल टूटकर पेड़ के सहारे लटका हुआ है। इसके साथ ही 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार सड़क के बेहद करीब झूल रहा है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सुरेंद्र उरांव ने बताया कि कुछ दिन पूर्व एक बारात लेकर जा रही बस इस हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई थी। बस की छत पर रखा बड़ा बक्सा 11 हजार वोल्ट के तार से टकरा गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संयोगवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया।उन्होंने कहा कि इस स्थिति से गांव के लोगों में भय और चिंता का माहौल है।
सड़क से गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर लगातार जोखिम के बीच आवागमन करने को विवश हैं।नगर मंडल अध्यक्ष ने विद्युत विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त पोल को तत्काल बदलकर झूलते हाईटेंशन तारों की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।





