
चंदवा थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
Latehar : पुलिस अधीक्षक लातेहार, कुमार गौरव (भा.पु.से.) ने सोमवार को चंदवा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना की समग्र कार्यप्रणाली, अभिलेखों एवं विभिन्न पंजियों के संधारण की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों एवं पंजियों में पाई गई त्रुटियों को तत्काल सुधारने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध अनुसंधान करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय एवं परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अनुसंधान कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा आम जनता को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को विधिसम्मत एवं संवेदनशील तरीके से कार्य करते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।




